बिहार सरकार राज्य के किसानों और उद्यमियों के लिए एक लाभकारी योजना लेकर आई है। नीतीश सरकार अब तेल पेराई मिल (ऑयल एक्सपेलर यूनिट) लगाने वालों को भारी सब्सिडी देगी, जिसका मकसद राज्य में तिलहन प्रसंस्करण और तेल उत्पादन को बढ़ावा देना है।
कृषि विभाग के अनुसार, 10 टन क्षमता वाली तेल मिल की इकाई लागत 9,90,000 रुपये मानी गई है, जिस पर सरकार 33 प्रतिशत यानी लगभग 3.50 लाख रुपये की सीधी सब्सिडी देगी। हालांकि, इस योजना में जमीन खरीद या शेड निर्माण का खर्च शामिल नहीं है।
इस योजना का लाभ राज्य के किसान, कृषक उत्पादक समूह (FPO/VCP), पंजीकृत सहकारी समितियाँ, स्टार्टअप तथा निजी उद्योग ले सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है।
कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://dbtagriculture.bihar.gov.in पर जाएँ।
होमपेज पर संबंधित योजना का विकल्प चुनें।
'तेल पेराई मिल सब्सिडी' के लिंक पर क्लिक करें।
खुले रजिस्ट्रेशन फॉर्म में सभी आवश्यक जानकारी भरें और दस्तावेज अपलोड करें।
फॉर्म जमा कर दें।
इस कदम से न सिर्फ किसानों को अपनी फसल का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है, बल्कि ग्रामीण स्तर पर रोज़गार सृजन और आत्मनिर्भरता को भी बल मिलेगा। यह व्यवसाय शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लिए एक लाभकारी उद्यम साबित हो सकता है।