राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान (मैनेज), हैदराबाद और राष्ट्रीय मधुमक्खी बोर्ड की संयुक्त योजना के अंतर्गत "जय बजरंग प्रतिष्ठान" बिजरोल रोड, बड़ौत में चल रहे सात दिवसीय "वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम" का समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए और श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
समापन समारोह में जनता वैदिक कॉलेज बड़ौत के प्रधानाचार्य प्रो. श्री वीरेंद्र प्रताप सिंह, जीत खादी ग्राम उद्योग सोसाइटी के चेयरमैन श्री राजीव बालियान, डॉ. विनोद कुमार एवं श्री के.पी. सिंह ने विशिष्ट अतिथियों के रूप में सहभागिता की।
सांसद डॉ. सांगवान ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संस्थान के कोऑर्डिनेटर श्री जे. के. श्योराण का आभार व्यक्त किया और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी 25 प्रतिभागियों को मधुमक्खी पालन को व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि, “सरकार ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उज्जवल भविष्य के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।"
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रियंका इनानिया, राहुल कुमार, रवि, ऋतिक चौधरी, आकाश शहरावत, आरोहित पटेल, राजेश यादव सहित कुल 25 युवाओं ने भाग लिया, जिन्हें मधुमक्खी पालन की वैज्ञानिक तकनीकों, मधु संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के प्रबंधक वसीम अहमद ने समापन अवसर पर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और सभी प्रतिभागियों का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया और विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए द्वार खोलेगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल तकनीकी ज्ञान का आदान-प्रदान था, बल्कि यह ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर भारत अभियान से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त कदम भी साबित हुआ।