भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बीती रात एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। बीएसएफ के सतर्क जवानों ने पाकिस्तान से भारत में ड्रोन के जरिए भेजे जा रहे हथियार और नशे के जखीरे को बरामद कर बड़ी कामयाबी हासिल की। अमृतसर और तरनतारन जिले के सीमावर्ती गांवों में चलाए गए अभियान में बीएसएफ ने कुल 6 ड्रोन मार गिराए, जिनके साथ भारी मात्रा में हेरोइन, पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई हैं।
पहली बड़ी कार्रवाई अमृतसर के मोडे गांव के पास की गई, जहां बीएसएफ की तकनीकी टीम ने DJI Mavic 3 Classic मॉडल के 5 ड्रोन को ट्रैक कर निष्क्रिय कर दिया। तलाशी के दौरान इन ड्रोन के साथ 4 पैकेट हेरोइन (कुल वजन 1.070 किलोग्राम), 3 पिस्टल और 3 मैगजीन बरामद की गईं।
इसी सिलसिले में आज तड़के बीएसएफ ने अमृतसर सीमा पर एक और ड्रोन को मार गिराया। सर्च ऑपरेशन के दौरान 1 पिस्टल, 2 मैगजीन और एक और DJI Mavic 3 Classic ड्रोन भी मिला।
बीएसएफ के मुताबिक, यह ड्रोन ऑपरेशन पाकिस्तान समर्थित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा था, जो सीमाओं के रास्ते भारत में हथियार और नशा भेजने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन बीएसएफ की सतर्कता और हाई-टेक काउंटर ड्रोन टेक्नोलॉजी ने उनके मंसूबों को पूरी तरह विफल कर दिया।
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "यह ऑपरेशन हमारी तकनीकी दक्षता और जवानों की तत्परता का प्रमाण है। हमने पाकिस्तान से संचालित ड्रग्स व हथियार तस्करी नेटवर्क को तगड़ा झटका दिया है। आने वाले दिनों में ऐसे प्रयासों को और भी कड़ा जवाब दिया जाएगा।"
कुल जब्ती:
6 पाकिस्तानी ड्रोन (DJI Mavic 3 Classic)
1.070 किलोग्राम हेरोइन
3 पिस्तौल
6 मैगजीन