भारतीय किसान यूनियन क्रांति के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जलालाबाद के जेवा स्थित टोल प्लाजा और चमारी खेड़ा टोल प्लाजा पर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी टोल प्लाजा पहुंचे और वहां मौजूद टोल प्रबंधन से वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि संगठन के किसी भी पदाधिकारी की गाड़ी को टोल पर रोका न जाए।
इस दौरान टोल प्रबंधन ने आश्वासन देते हुए बताया कि संगठन के पदाधिकारियों की गाड़ियों को मैसेज डालने के बाद ही बिना किसी बाधा के निकलने दिया जाएगा। इसके बाद यूनियन पदाधिकारियों ने टोल प्लाजा पर नारेबाजी करते हुए सांकेतिक प्रदर्शन भी किया।
इस प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन क्रांति के राष्ट्रीय महासचिव शिवकुमार शिवाजी, प्रदेश अध्यक्ष अमित सैनी, प्रदेश मीडिया प्रभारी संजय सैनी, जिला अध्यक्ष (सहारनपुर) मोहित गुर्जर, प्रदेश मंत्री दीपक सैनी (दयालपुर), महिला जिला अध्यक्ष प्रतिनिधि सचिन कुमार, जिला अध्यक्ष (मुज़फ्फरनगर) पंकज सहरावत, पूर्व जिला अध्यक्ष सुभाष सैनी, जिला उपाध्यक्ष शबी अब्बास सहित प्रभारी मुज़फ्फरनगर नितिन प्रधान और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन ने टोल प्रबंधन को यह चेतावनी भी दी कि अगर भविष्य में संगठन पदाधिकारियों की गाड़ियों को अनावश्यक रूप से रोका गया, तो प्रशासनिक स्तर पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और टोल प्रबंधन ने यूनियन की बातों को गंभीरता से लेने का भरोसा दिलाया। यूनियन के इस कदम को किसान हितों की सुरक्षा और संगठन के सम्मान की रक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है।